
रायगढ़ । पूरा देश 75 वें गणतंत्र दिवस और अमृत महोत्सव की खुशी से झूम रहा है । इस शुभ शुभ अवसर पर शहर और जिले में विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए । लोगों ने पूरे जोशोखरोश के साथ , पूरे सम्मान और गर्व के साथ तिरंगा झंडा फहराया । गणतंत्र के इन्हीं दीवानों के बीच रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 26 में एक ऐसा नवाचार किया गया जो अपने आप में अनूठा भी है और प्रेरक भी । यहां गणतंत्र दिवस समारोह में कांग्रेस की महिला वार्ड पार्षद पिंकी विमल यादव और अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सुबह आठ बजे पूरे आन बान शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा कर सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया।
यहां ध्यान देने योग्य बात यह रही कि गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अथिति स्वच्छता दीदी श्रीमती नैना सारथी को बनाया गया और उन्हीं के कर कमलों से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय,गणतंत्र दिवस अमर रहे और जय हिंद के गगन भेदी नारे लगाए। वार्ड नंबर 26 ने एक शानदार पहल की जिसकी चारों ओर खूब चर्चा है और तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं ।



