उत्तर बस्तर कांकेर, 27 जुलाई 2025/ कांकेर जिले में आज छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 39 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 9140 अभ्यर्थियों में से 82.79 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जो कि अपेक्षाकृत उच्च उपस्थिति मानी जा रही है। परीक्षा केंद्रों में विधिवत सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में व्यापम के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया गया। परीक्षा में किसी भी तरह की अनुचित गतिविधियों को रोकने हेतु केंद्रों में लगभग 150 जैमर लगाए गए थे, जिससे इलेक्ट्रॉनिक संचार बाधित रहा। साथ ही हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर्स की सहायता से सभी परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) की गई।
व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा जिले में सुचारु रूप से संपन्न हुआ तथा इस दौरान सभी परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुशासनहीनता नहीं हुई।



