‘India is going to become the third largest economy in the world’, PM Modi’s reply to Trump’s ‘dead economy’ statement
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (2 अगस्त, 2025) को वाराणसी से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘डेड इकोनॉमी’ वाले बयान का करारा जवाब दिया। पीएम मोदी ने दृढ़ता से कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
ट्रंप ने हाल ही में भारत से सभी आयातों पर 25 फीसदी टैरिफ और अतिरिक्त जुर्माना लगाने का ऐलान करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताया था।
‘भारत को अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना है’
पीएम मोदी ने कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा, “आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही है, अस्थिरता का माहौल है। ऐसे में दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर फोकस कर रहे हैं। भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है। हमारे किसान, हमारे लघु उद्योग, हमारे नौजवानों को रोजगार, इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि है। सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है।”
‘स्वदेशी के लिए संकल्प लें लोग’
प्रधानमंत्री ने अपील की, “हमारी सरकार देश के सर्वोत्तम हित में हर संभव प्रयास कर रही है। जो लोग देश का भला चाहते हैं और भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देखना चाहते हैं, चाहे वह कोई भी राजनीतिक दल हो, उन्हें अपने मतभेदों को भुलाकर ‘स्वदेशी’ उत्पादों के लिए संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने कारोबारियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि जब दुनिया इस प्रकार की अस्थिरता के माहौल से गुजर रही है तो हम भी सिर्फ और सिर्फ स्वदेशी माल ही बेचेंगे। पीएम मोदी ने इस संकल्प को देश की सच्ची सेवा बताते हुए कहा, “अब हर पल स्वदेशी ही खरीदेंगे। ये महात्मा गांधी को बड़ी श्रद्धांजलि होगी।”
ट्रंप ने भारत-रूस को बताया था ‘डेड इकोनॉमी’
गौरतलब है कि 31 जुलाई को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत से सभी आयातों पर 25 फीसदी टैरिफ और एक्स्ट्रा जुर्माना लगाने का ऐलान किया था। उसके एक दिन बाद उन्होंने भारत-रूस के संबंधों को लेकर हमला बोला था। ट्रंप ने दोनों देशों को ‘डेड इकोनॉमी’ बताते हुए कहा था कि उन्हें इस बात की परवाह नहीं कि भारत, रूस के साथ क्या करता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा था, “मुझे परवाह नहीं कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को मिलकर गिरा सकते हैं, मुझे इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता।”



