Police organized a comprehensive awareness program across the district under the “Drug Free India Campaign”
नारायणपुर@जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आज “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत पुलिस ने व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। रैलियों, बैठकों और चर्चाओं के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर क्राइम से बचाव और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
थाना धौड़ाई में सरपंच सोमेश नेताम, विद्यालय प्राचार्य गणेश राम दुग्गा, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, पुलिस स्टाफ और ग्रामीणों ने रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया। अंत में प्रतिभागियों को चॉकलेट वितरित किए गए। थाना कोहकामेटा के ग्राम कच्चापाल, थाना झाराघाटी के कोंगरा और थाना कुकड़ाझोर में भी स्कूली बच्चों की सहभागिता से रैलियां निकाली गईं।
थाना सोनपुर में ग्रामीणों के साथ बैठक कर नशा, धोखाधड़ी, नक्सलवाद और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की गई, वहीं थाना एड़का में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों के साथ गांव-गांव जाकर नशा और साइबर फ्रॉड से बचाव का संदेश पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को शिक्षा व सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना सभी की जिम्मेदारी है। नारायणपुर पुलिस नशामुक्त समाज के लिए निरंतर प्रयासरत है।



