Forest Minister Kedar Kashyap attended the Mahtari conference organized in Bhatpal
महतारी सम्मेलन में प्रेरक महतारियों को किया गया सम्मानित
वन मंत्री ने किया 39 लाख 26 हजार रूपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
नारायणपुर@छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में रजत महोत्सव 2025 मनाया जा रहा है, जिसके तहत् जिले के ग्राम पंचायत भाटपाल में जिला स्तरीय महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महतारी वंदन के सभी हितग्राहियों को प्रमाण करते हुए कृतज्ञता व्यक्त किया। उन्होंने देश के विभूतियों को याद करते हुए कहा कि नारी शक्ति जीवन में अग्रणी रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2013-14 में देश के सभी व्यक्तियों को बैंक खाता खोलने की अपील की थी, जिसके माध्यम से शासन के योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में मिलने लगी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में महतारी वंदन योजना का लाभ उनके खाते में सीधे पहुंच रहे हैं। राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने रजत जयंती मनाई जा रही है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय महतारी सम्मेलन का आयोजन किया रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के जीवन को व्यवस्थित एवं सुरक्षित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कोई कार्यक्रम को सफल बनाने में हमेशा ही नारी शक्ति का योगदान रहता है। राज्य सरकार के मध्यान्ह भोजन योजना, राशन दुकान संचालन, रेडीटू ईट के निर्माण की कार्य में अग्रणी रहीं हैं। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में किताबी ज्ञान से अधिक अपने माताओं के अनुभव का लाभ लेकर सुखमय जीवन व्यतीत करने में सरलता होती है। जिले के मेधावी छात्र बेनूर की गीता वड्डे कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 2100 रूपये और भाटपाल की सीमा वड्डे तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 1100 रूपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीना नाग, सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई द्वारा भी संबोधित किया गया।
सम्मेलन में महतारी वंदन योजना के तहत आत्मनिर्भर बनीं प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह योजना जिले की 27,084 महिलाओं को लाभान्वित कर रही है, जिनमें से भाटपाल पंचायत की 434 महिलाएं भी शामिल हैं। योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को प्रत्येक माह 1000 रुपए की राशि प्रदान की जाती है। अब तक जिले में 44 करोड़ 89 लाख 32 हजार 600 रुपए वितरित किए जा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना न केवल महिलाओं के जीवन में आर्थिक सहारा बन रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रेरित कर रही है। जिले के ग्राम पंचायत भाटपाल में आयोजित महतारी सम्मेलन में कुछ ऐसी महिलाओं की कहानियाँ सामने आईं, जिन्होंने इस योजना की राशि को केवल सहायता नहीं, बल्कि जीवन संवारने के अवसर के रूप में अपनाया।
श्रीमती दशरी ने जब महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मिलने वाली मासिक राशि को सिर्फ खर्च करने के बजाय निवेश करने का निर्णय लिया। उन्होंने इस राशि से सब्जी उत्पादन की शुरुआत की। खेतों में मेहनत कर उगाई गई सब्जियाँ जब पास के बाजारों में बेची गईं, तो उस आमदनी का उपयोग उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा में किया। अब दशरी न केवल एक सफल गृहिणी हैं, बल्कि एक स्वरोजगार से जुड़ी उद्यमी भी हैं।
प्रमिला चक्रधारी ने महतारी वंदन योजना की राशि से अपने लिए सिलाई मशीन खरीदी और गांव में ही एक सिलाई-कढ़ाई की दुकान शुरू की। आज प्रमिला अपनी मेहनत से न केवल खुद का बल्कि अपने परिवार का भी जीवनयापन कर रही हैं। उनकी दुकान अब गांव की कई महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बन गई है।
सुकली उसेण्डी ने योजना की राशि को अपने बच्चे की शिक्षा में निवेश किया। उन्होंने अपने बच्चे को बेहतर भविष्य देने के लिए शहर में पढ़ाई के लिए भेजा और योजना से मिलने वाली राशि से शैक्षणिक खर्च को पूरा कर रही है। उनका यह निर्णय यह साबित करता है कि सही दिशा में किया गया छोटा निवेश, बड़े सपनों की नींव बन सकता है।
हीरामनी नाग ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर अपने बच्चे के भविष्य को सुरक्षित किया है। वे नियमित रूप से बीमा की किस्तें जमा कर रही हैं और यह दिखा रही हैं कि महिलाएं आज न केवल वर्तमान को संभाल रही हैं, बल्कि भविष्य की भी योजना बना रही हैं। महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं दी, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। भाटपाल की ये माताएं आज गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।
महतारी सम्मेलन कार्यक्रम में वन मंत्री ने किया 39 लाख 26 हजार रूपये के कार्यों का भूमिपूजन
महतारी सम्मेलन कार्यक्रम के पूर्व राज्य के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने जनपद पंचायत नारायणपुर अंतर्गत ग्राम छिनारी से डोंगरीपारा के लिए 06 मीटर स्पान पुलिया निर्माण हेतु 19.26 लाख रूपये, ग्राम पंचायत नयानार में घोटूल हेतु 05 लाख रूपये, ग्राम पंचायत बेनूर में यादव समाज के लिए सामुदायिक भवन हेतु 05 लाख रूपये और कलार समाज के लिए सामुदायिक भवन हेतु 05 तथा नगरपालिका अंतर्गत आरईएस कॉलोनी कर्मा मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 01 में सामुदायिक भवन हेतु 05 लाख रूपये इस प्रकार कुल 39 लाख 26 हजार रूपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक केशकाल सेवक राम नेताम, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, नगर पालिका के उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष पंकज जैन, बृजमोहन देवांगन, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ ससिगानंदन के, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, जनप्रतिनिधिगण सहित जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।



