GST reform is a relief measure for the general public, industry and businessmen: Asaram Netam
कांकेर। देश में हाल ही में लागू किए गए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों को लेकर राजनीतिक और आर्थिक हलकों में व्यापक चर्चा हो रही है। इन सुधारों को आम जनता, उद्योग जगत, कारोबारियों और राज्य सरकारों के लिए राहतकारी कदम माना जा रहा है। कांकेर विधानसभा के विधायक आशाराम नेताम ने इन सुधारों का स्वागत करते हुए विस्तृत प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में आए बदलावों से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, कृषि क्षेत्र और आदिवासी अंचलों में भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि वर्ष 2017 में लागू हुआ जीएसटी देश की कर व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव था। शुरुआत में इसके जटिल प्रावधानों के कारण छोटे कारोबारियों, किसानों और सामान्य उपभोक्ताओं को दिक्कतें आईं। लेकिन लगातार सुधारों और अनुभवों के आधार पर अब सरकार ने कई सरलीकरण किए हैं। अब कर दरों को तर्कसंगत बनाया गया है। छोटे व्यापारियों को अनुपालन के बोझ से राहत दी गई है। ई-इनवॉइसिंग और डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया सरल हुई है। राज्यों के हिस्से के राजस्व पर भी ध्यान दिया गया है। उन्होने कहा कि सुधारों के बाद अब दवाइयाँ, कृषि उपकरण, दैनिक उपभोग की वस्तुएँ और शिक्षा से जुड़ी सेवाएँ सस्ती होंगी। आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इससे महँगाई पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। आदिवासी बहुल राज्य में जीएसटी सुधार का अलग महत्व है। वन उत्पादों पर कर छूट या कम दर से आदिवासी परिवारों की आय बढ़ेगी। हाट-बाजारों में बिकने वाले उत्पादों की कीमतें घटेंगी। स्थानीय स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा योगदान है।
व्यापारियों और छोटे उद्योगों को मिलेगी राहत
विधायक ने कहा कि जीएसटी सुधार से सबसे अधिक राहत छोटे व्यापारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को होगी। मासिक रिटर्न भरने की बाध्यता कम हुई है। छोटे कारोबारियों के लिए सालाना टर्नओवर की सीमा बढ़ा दी गई है। कई वस्तुओं पर कर दर घटाई गई है, जिससे उपभोक्ता कीमतों में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य, जहां बड़े पैमाने पर लघु उद्योग और ग्रामीण बाजार सक्रिय हैं, वहां इसका असर तेजी से दिखेगा। कर सुधार से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा। जब कारोबारियों पर टैक्स का बोझ घटेगा तो वे नए उद्योग लगाने और रोजगार बढ़ाने में सक्षम होंगे। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार
विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी सुधार का जो साहसिक कदम उठाया है, वह ऐतिहासिक है। इससे देश के करोड़ों व्यापारी, किसान और उपभोक्ता राहत महसूस कर रहे हैं। हम मानते हैं कि प्रधानमंत्री ने जनता की अपेक्षाओं और छोटे कारोबारियों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए सुधार किए हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करता हूँ।


