Grand Teacher Honor Ceremony in Sonhat — MLA Renuka Singh honored 650 teachers, principals and meritorious students
टॉपर विद्यार्थियों को मिले लैपटॉप,प्राचार्यों को मिला 11 हज़ार का पुरस्कार — पिछले सत्र में भेंट की थी स्कूटी, इस बार पूरी हुई लैपटॉप देने की घोषणा
कोरिया से भगवान दास की रिपोर्ट
कोरिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर सोनहत में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह ऐतिहासिक और यादगार बन गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से आए 650 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले 8 मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया। इनमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से कक्षा 10वीं की वंदना सिंह (प्रदेश टॉप 10में स्थान), और श्याम जी बैगा, कक्षा 12वीं से चित्रांश पाण्डेय और शिवाक्षी शर्मा शामिल हैं। वहीं कोरिया जिले से कक्षा 12वीं की समीक्षा त्रिपाठी और गौरव पाण्डेय, कक्षा 10वीं के अभय पाण्डेय और कृतिका राजवाड़े को भी सम्मानित किया गया।
यही नहीं, जिन 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जिले और प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया, उनके प्राचार्यों को भी विधायक रेणुका सिंह ने 11-11 हज़ार रुपये की राशि देकर पुरस्कृत किया।
ज्ञात हो कि पिछले सत्र में भी विधायक रेणुका सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को जिले और प्रदेश में टॉप-10 स्थान प्राप्त करने पर एक-एक स्कूटी पुरस्कार स्वरूप भेंट की थी। साथ ही उन्होंने घोषणा की थी कि अगली बार टॉपर विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाएंगे। इस बार उन्होंने अपने वचन को निभाते हुए बच्चों को लैपटॉप भेंट कर अपनी घोषणा को पूरा किया।
हजारों की उपस्थिति में सम्पन्न इस आयोजन की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को भावनाओं और उत्साह से भर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा –
> “शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। वे न केवल बच्चों को शिक्षा देते हैं, बल्कि संस्कार और मूल्य भी प्रदान करते हैं। उनका योगदान दीपक की भाँति है, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाशमय बनाता है। आज हम सब उनके प्रति आभार प्रकट करने एकत्र हुए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “शिक्षकों का प्रोत्साहन जरूरी है, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार हो और विद्यार्थी समय के साथ नई ऊँचाइयों को छू सकें।”
रेणुका सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधनों से जोड़ना अनिवार्य है। इसलिए टॉपर छात्रों को लैपटॉप देकर उन्हें शिक्षा की नई राह पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक भैयालाल राजवाड़े, कोरिया जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, कोरिया जिला की कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, सीईओ जिला पंचायत आशुतोष चतुर्वेदी, एमसीबी जिला एवं कोरिया जिला के जिला शिक्षाधिकारी और दोनों जिलों के जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
समारोह में शिक्षकों, प्राचार्यों और छात्रों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। शिक्षक दिवस का यह आयोजन न केवल सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि शिक्षा जगत को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला भी साबित हुआ।



