Home Blog नई उद्योग नीति में बस्तर सम्भाग को विशेष तौर पर फोकस किया...

नई उद्योग नीति में बस्तर सम्भाग को विशेष तौर पर फोकस किया जा रहा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

*नरहरपुर में आयोजित ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में शरीक हुए मुख्यमंत्री*
*3क्षेत्रवासियों को दी विभिन्न सौगातें*

उत्तर बस्तर कांकेर, 14 सितम्बर 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जिले के नरहरपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज द्वारा आयोजित ’ठाकुर जोहारनी’ कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विभिन्न सौगातें दीं। इस अवसर पर उनके साथ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम के तहत आदिवासी समाज के ईष्ट आराध्य देवी-देवताओं की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नई उद्योग नीति में आदिवासी विकास को प्राथमिकता देते हुए बस्तर सहित सरगुजा को विशेष तौर पर फोकस किया गया है, ताकि यहां के निवासियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें माकूल लाभ दिलाया जा सके।
ब्लॉक मुख्यालय नरहरपुर के उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने आदिवासी समाज के ईष्ट देवी-देवताओं का जयघोष करते हुए उपस्थित लोगों को ठाकुर जोहारनी और नवाखाई की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की यह अनूठी परम्परा को आगे भी जीवित रखना होगा और समाज की एकजुटता हमेशा कायम रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के लोग आगे बढ़े, सुशिक्षित बनें, इसके लिए पूरे प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईआईटी जैसी राष्ट्रव्यापी उच्च शिक्षण संस्थाएं प्रदेश में संचालित हैं, जिससे प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा मुहैय्या हो सके। इसी तरह प्रयास और एकलव्य जैसे श्रेष्ठ संस्थानों के माध्यम से लगातार सुधार के प्रयास हो रहे हैं। दिल्ली में ट्राइबल यूथ हॉस्टल संचालित हैं और प्रदेश भर में नालंदा परिसर स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सुरक्षा बलों को माओवाद के विरुद्ध अभियान में बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की मंशानुसार 31 मार्च 2026 तक इसके खात्मे की बात दोहराई। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से पशुपालन, मुर्गीपालन आदि रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य प्रदेश सरकार कर रही है। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि, चरणपादुका वितरण, रामलला दर्शन योजना सहित ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और सुगमता लाने अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से आदिवासियों के सतत् एवं समग्र विकास को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
’ठाकुर जोहारनी’ कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा ने संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे उत्सव का कार्यक्रम है। जल, जंगल, जमीन और अपनी परंपराओं, लोकनृत्य, गीत, मांदर व मृदंग के साथ जीने वाले आदिवासियों की अपनी पृथक् पहचान है। उन्हें अपनी जड़ें मजबूत करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति सजग होने नितांत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने नशे से दूर रहने की सलाह भी उपस्थित लोगों को दी। कार्यक्रम को सांसद श्री भोजराज नाग, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम और केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित गोंडवाना समाज के सम्भागीय अध्यक्ष श्री सुमेरसिंह नाग एवं जिला अध्यक्ष श्री राजेश भास्कर तथा श्री राजाराम तोड़ेम ने भी संबोधित किया।
’ठाकुर जोहारनी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नरहरपुर क्षेत्र के लिए विभिन्न घोषणाएं भी की जिनमें 30 करोड़ की लागत से बागोड़ एनीकट का निर्माण, नरहरपुर में 132 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापना हेतु 30 करोड़ रुपए, नरहरपुर में मावा मोदोल लाइब्रेरी के लिए 20 लाख रुपए, ग्राम ढोढ़रापहार में गोंडवाना सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपए, नरहरपुर में मोबाइल टॉवर की स्थापना, नरहरपुर में सर्वसुविधायुक्त विश्राम गृह निर्माण के लिए 80 लाख रूपए और नरहरपुर विकासखण्ड के गोडवाना समाज के सभी 12 मुड़ा क्षेत्र में 12 टीन शेड निर्माण हेतु 10-10 लाख रुपए के मान से 01 करोड़ 20 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम धनेसरा में गोंडवाना समाज द्वारा संचालित जंगोरायतार इंग्लिश मीडियम स्कूल हेतु आवश्यक सहयोग करने की भी घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई।
कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, प्रदेश के वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी, पूर्व विधायक द्वय श्री शिशुपाल शोरी एवं श्रीमती सुमित्रा मारकोले, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी और समाज के प्रमुखजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
क्रमांक- 948/सुरेन्द्र/सिन्हा

Ro.No - 13672/156

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here