मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली लोरमी- वन मंडल अधिकारी मुंगेली के निर्देशन में सेवा पखवाड़ा वर्ष 2025 के अंतर्गत लोरमी वन परिक्षेत्र कार्यालय द्वारा विभिन्न जनजागरूकता एवं सेवा संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शासकीय हाई स्कूल ढोलकी में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य आदित्य ध्रुव एवं ग्राम ढोलकी के सरपंच रोहित गंधर्व मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों, स्कूल शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल और सुरक्षा का संकल्प दिलाया गया।
लोरमी वन परिक्षेत्र अधिकारी ने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़ा के तहत केवल पौधरोपण ही नहीं बल्कि कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से –
*स्वच्छता अभियान*: वन परिक्षेत्र कार्यालय एवं आस-पास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश देना।
*पर्यावरण जागरूकता रैली*: विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से गाँव में रैली निकालना।
*जनसंवाद कार्यक्रम*: ग्रामीणों को वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा एवं पर्यावरण संतुलन का महत्व समझाना।
पौध संरक्षण कार्यशाला: लगाए गए पौधों की देखभाल व सुरक्षा के तरीकों पर प्रशिक्षण देना।
जनपद सदस्य आदित्य ध्रुव ने कहा कि “हम सबकी जिम्मेदारी है कि लगाए गए पौधों की रक्षा करें। ये पौधे भविष्य में गाँव की हरियाली, जलवायु संतुलन और स्वच्छ वातावरण के लिए अमूल्य योगदान देंगे।”
ग्राम सरपंच रोहित गंधर्व ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस पहल को सफल बनाने के लिए नियमित निगरानी रखें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें।
वन विभाग की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रही है बल्कि ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी पहुँचा रही है।
“शासकीय हाई स्कूल ढोलकी में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में पौधे लगाते जनपद सदस्य आदित्य ध्रुव, ग्राम सरपंच रोहित गंधर्व, वन विभाग अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ।”



