Uncle murdered on suspicion of black magic, nephew arrested
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। नगर पालिका चांपा के वार्ड नंबर 15 कोटा डबरी में 65 वर्षीय रामप्रसाद पाल की उनके ही भतीजे अजीत पाल ने हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात रामप्रसाद पाल अपने घर के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे। तभी उनका भतीजा अजीत वहां पहुंचा और हाथ में लिए हंसिया से उनके गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद को तुरंत BDM अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अजीत ने बताया कि उसे अपने चाचा पर तंत्र-मंत्र करने का शक था। उसका मानना था कि चाचा की वजह से उसकी ढाबा दुकान में ग्राहक नहीं आ रहे थे और कारोबार ठप हो गया था। इसी अंधविश्वास और नाराजगी में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसिया जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह घटना अंधविश्वास के कारण हुए खौफनाक अपराध की एक और मिसाल बन गई है।



