Home Blog *सफलता की कहानी* *ग्राम पंचायत डुमरपानी ने बढ़ाया कांकेर का मान :...

*सफलता की कहानी* *ग्राम पंचायत डुमरपानी ने बढ़ाया कांकेर का मान : छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में मिला तृतीय स्थान*

0

*नरहरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत को जल संरक्षण व प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान*
*मासुलपानी के बाद जिले को लगातार दूसरी मिली राष्ट्रीय उपलब्धि*
उत्तर बस्तर कांकेर, 11 नवम्बर 2025/ जल संरक्षण के क्षेत्र में जिला एक बार पुनः गौरवान्वित हुआ है। विकासखंड नरहरपुर की ग्राम पंचायत डुमरपानी को जल शक्ति मंत्रालय के छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार (NWA) 2024 के तहत ’सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत’ श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवन विभाग द्वारा यह महत्वपूर्ण पुरस्कार जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में डुमरपानी द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी गई है, जिसने देशभर में कांकेर जिले के प्रयासों को अग्रणी रखा है। ज्ञात हो कि यह पुरस्कार ग्राम पंचायत में मनरेगा व अन्य विभागों के अभिसरण के तहत विभिन्न प्रकार के सफल जल संवर्धन के कार्यों की सफलता को प्रदर्शित करता है। 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के वितरण समारोह का आयोजन 18 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया जाएगा।
*लगातार दूसरी बार मिली राष्ट्रव्यापी पहचान*
जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री हरेश मण्डावी ने बताया कि यह कांकेर जिले के लिए जल प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है। डुमरपानी से पहले, पिछले वर्ष (5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2023 में) कांकेर जिले के ही नरहरपुर ब्लॉक की मासुलपानी ग्राम पंचायत को ’सर्वश्रेष्ठ पंचायत’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था। मंत्रालय ने 6वें पुरस्कारों के लिए 09 श्रेणियों में 38 विजेताओं की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रमाण-पत्र और एक ट्रॉफी के साथ-साथ कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में तकनीकी सहयोगी के रूप में जिला पंचायत कांकेर, जनपद पंचायत नरहरपुर, मनरेगा शाखा नरहरपुर एवं गैर शासकीय संगठन ‘प्रदान‘ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय जल पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों के अच्छे कार्यों और प्रयासों पर केंद्रित है, जो देशभर में सरकार के ’जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद कर रहे हैं। ये पुरस्कार लोगों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक मजबूत माध्यम है।
*जिला प्रशासन ने दी बधाई*
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने हर्ष व्यक्त किया है। जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी, जिला पंचायत के मैदानी अमला सहित ग्राम पंचायत डुमरपानी के सरपंच व सभी ग्रामीणों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जिले में जनसहभागिता और मनरेगा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक और सार्थक परिणाम है। मासुलपानी के बाद डुमरपानी को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरी बार सम्मान मिलना यह सिद्ध करता है कि कांकेर जिला जल संरक्षण की दिशा में सही मॉडल पर काम कर रहा है। यह सम्मान भविष्य में जल संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन गतिविधियों को और अधिक सशक्त व मजबूत करने के लिए प्रेरित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here