बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कलेक्टर संबित मिश्रा ने बीजापुर एवं भैरमगढ़ ब्लॉक के सुदूरवासियों तक मूलभूत सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने हेतु सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी समीक्षा की। उन्होंने अधोसंरचना विकास में तेजी लाने के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ के लिए सैचुरेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
पेद्दाकोरमा, काकेकोरमा, बोडला पुसनार व मुनगा का निरीक्षण दौरे की शुरुआत पेद्दाकोरमा से करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और मांग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को सैचुरेशन शिविर लगाने के निर्देश दिए। स्कूल और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति तेज करने के साथ उन्होंने PMGSY अभियंता को सड़क निर्माण तुरंत प्रारंभ करने के लिए कहा।
सीआरपीएफ द्वारा आयोजित सिविक एक्शन प्रोग्राम में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री और युवाओं को खेलकूद सामग्री वितरित की गई।
शैक्षणिक संस्थानों का अवलोकन पेद्दाकोरमा व कोरचोली के प्राथमिक शालाओं का निरीक्षण कर कलेक्टर बच्चों की पढ़ाई से प्रभावित हुए। उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का आग्रह किया।
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समझी वास्तविक स्थिति
पीडिया, कोपागुड़ा, तोड़का व कोरचोली कैम्प में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं से कलेक्टर रूबरू हुए। ग्रामीणों की मांग पर तोड़का, कोरचोली, सांवनार और नेण्ड्रा में अगले गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सैचुरेशन शिविर लगाने के निर्देश दिए।
कोरचोली में निर्माणाधीन स्कूल व आंगनबाड़ी भवन को जल्द पूर्ण करने और महतारी वंदन योजना की राशि समय पर बैंक खातों में पहुँचने की पुष्टि करने के निर्देश दिए गए।
राशन वितरण प्रणाली में सुधार का बड़ा निर्णय
पीडिया के ग्रामीणों द्वारा गंगालूर से राशन लाने की कठिनाई बताने पर कलेक्टर ने अगले माह से ट्रैक्टर द्वारा स्थानीय स्तर पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पटेलपारा में उन्होंने ग्रामीणों को सभी योजनाओं का लाभ समय पर लेने हेतु प्रेरित किया।
पुल और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर
हिरोली में निर्माणाधीन पुल और भैरमगढ़ के फुंडरी में उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण कर उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को गुणवत्ता एवं समयसीमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं और हैंडपंप की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दौरे में एडिशनल एसपी अमन कुमार झा, एसडीएम जागेश्वर कौशल, डीएसपी विनीत कुमार साहू, सीईओ पी. आर. साहू सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। यह दौरा सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में विकास की गति को नई दिशा प्रदान करने वाला माना जा रहा है।



