बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – नेलसनार–बांगापाल–दारापाल मार्ग की 11 किमी सड़क पिछले पाँच वर्षों से अधूरी पड़ी है, जिससे तीनों ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। लोक निर्माण विभाग से स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक केवल मिट्टी भराई और कुछ पुलियाओं का निर्माण ही किया गया है, जबकि मुरूम, गिट्टी व डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ।
बरसात में यह अधूरी सड़क कीचड़ और बड़े गड्ढों में बदलकर ग्रामीणों की अस्पताल, बाजार व स्कूल तक पहुंचने में भारी परेशानी बढ़ा देती है। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने डिप्टी कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गू तेलामी के नेतृत्व में सौंपा गया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद न प्रशासन और न ही ठेकेदार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई की है।
नेलसनार, दारापाल और बांगापाल के सरपंचों ने संयुक्त बयान जारी कर चेतावनी दी कि यदि दिसंबर 2025 तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो जनवरी 2026 से बड़ा जन-आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी।
ज्ञापन के दौरान तीनों ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि और सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



