धोबनी – ( सरसीवा ) प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित गोपालपुर से गातहडीह सड़क पर बने ब्रेकरों की लापरवाही पूर्ण संरचना अब दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। लंकाहुड़ा मंडी के पास स्थित एक ब्रेकर पर न तो सफेद पट्टी रिफ्लेक्टिव मार्किंग बनाई गई है। सावधानी संकेतक बोर्ड लगाया गया है, लेकिन उस पर राहगीरों का ध्यान नहीं जाता हैं। जिससे आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
विशेषकर सायंकाल एवं रात्रि के समय ब्रेकर दिखाई नहीं देने के कारण कार, ट्रक, मोटरसाइकिल एवं अन्य दोपहिया वाहन अचानक असंतुलित हो जाते हैं। कई बार वाहन चालकों को गंभीर चोटें भी आई हैं, वहीं राहगीरों की जान को भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार ब्रेकर पर सफेद पट्टी, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेत लगाना अनिवार्य है, परंतु यहाँ इन नियमों की अनदेखी की जा रही है।
- क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ब्रेकर पर आवश्यक सुरक्षा चिह्न, सफेद पट्टी एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएँ, ताकि जनहानि से बचा जा सके।



