An orientation course on police station and office duties has been completed for newly trained constables.
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर जिले में दिनांक 16 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक नव प्रशिक्षित आरक्षकों के लिए थाना एवं कार्यालय संबंधी कार्यों का ओरिएंटेशन कोर्स आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 63 नव प्रशिक्षित आरक्षक शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान आरक्षकों को नवीन आपराधिक कानून, यातायात प्रबंधन, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य, समंस एवं वारंट की तामिली, कोर्ट मोहर्रिर के कार्य, अंगुल चिन्ह तथा एफएसएल से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण उपरांत आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा नगद पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दिनांक 23 दिसंबर 2025 को आयोजित समापन समारोह में अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह ओरिएंटेशन कोर्स नव तैनाती के दौरान थाना एवं कार्यालयीन कार्यों को समझने तथा कार्यकुशलता बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने आरक्षकों से अनुशासन, मेहनत एवं लगन के साथ कर्तव्य निर्वहन की अपेक्षा जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल सभी आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा, उप पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, उप पुलिस अधीक्षक रोशन आहूजा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



