Farmers’ Day was successfully organized at Krishi Vigyan Kendra Bijapur.
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कृषि विज्ञान केन्द्र, पनारापारा बीजापुर में आज किसान दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री मा. शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के किसानों को किसान दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर मनाए जाने वाले इस दिवस को किसानों के संघर्ष, त्याग और योगदान का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री ने VB-GRAM-G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका) योजना के अंतर्गत 125 दिनों के रोजगार एवं बेहतर सुविधाओं की गारंटी पर चर्चा की तथा कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कार्यक्रम में केन्द्र के प्रभारी वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख अरुण कुमार सकनी ने केन्द्र द्वारा संचालित किसानोपयोगी योजनाओं, नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत किस्मों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कीट-रोग प्रबंधन, उर्वरक प्रबंधन, मृदा परीक्षण के लाभ तथा आधुनिक खेती के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कृषि विभाग के सहायक संचालक उग्रेश देवांगन ने जल प्रबंधन विषय पर किसानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं। महिला एवं बाल विकास विभाग से महेन्द्र कुमार यादव ने किसानों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं बाल विवाह मुक्त बीजापुर बनाने की शपथ दिलाई। वहीं अरविंद आयम ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए कृषकों, महिला कृषकों एवं स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अरविंद कुमार आयम (कार्यक्रम सहायक–कीट विज्ञान), डॉ. दिनेश कुमार मरापी (प्रक्षेत्र प्रबंधक), विदेश्वर कुमार (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी) सहित महिला एवं बाल विकास विभाग से रंजिता कश्यप, कुसुमलता एवं पुष्पा उपस्थित रहीं।



