DVCM दिलीप बेड़जा समेत 4 महिला नक्सली मारे गए, 27 लाख का इनामी नेटवर्क ध्वस्त
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में थाना भोपालपटनम एवं थाना फरसेगढ़ की सीमा से लगे नेशनल पार्क के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। 17 से 18 जनवरी 2026 के बीच हुई मुठभेड़ में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के इंचार्ज DVCM दिलीप बेड़जा सहित कुल 6 माओवादी कैडर ढेर कर दिए गए, जिनमें 4 महिला माओवादी शामिल हैं। मारे गए माओवादियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था। विश्वसनीय आसूचना के आधार पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA (202, 206, 210) एवं CRPF 214 की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से माओवादियों के साथ रुक-रुक कर फायरिंग होती रही, जो 18 जनवरी की शाम तक चली। मुठभेड़ स्थल से 02 AK-47, 01 INSAS, 02 .303 राइफल, 01 कार्बाइन, BGL लॉन्चर, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, वायरलेस सेट, माओवादी साहित्य, वर्दी एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है। मारे गए माओवादी कैडरों की पहचान DVCM दिलीप बेड़जा (₹8 लाख इनामी, 135 आपराधिक मामले), ACM माड़वी कोसा (₹5 लाख), ACM पालो पोड़ियम (₹5 लाख), ACM लक्खी मड़काम (₹5 लाख), PM जुगलो बंजाम (₹2 लाख) और PM राधा मेटटा (₹2 लाख) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 8 नक्सली ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार हुए और 876 ने आत्मसमर्पण किया है। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों से माओवादी नेटवर्क लगभग समाप्त हो चुका है। शेष कैडरों से आत्मसमर्पण की अपील की गई है, अन्यथा कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू एवं वनभैंसे के हमले में CoBRA और STF के दो जवान घायल हुए, जिन्हें सुरक्षित निकालकर हायर सेंटर भेजा गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।



