धोबनी – ( सरसीवा ) में 14 फरवरी से श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में पूरे गांव की माता-बहनों ने सिर पर कलश धारण कर पूरे नगर में शोभायात्रा निकाली। इस दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा सोहागपुर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
गांव के प्रमुख मार्गों से निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान के नाम का संकीर्तन करते हुए कथा स्थल तक पहुंचकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस वर्ष श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का यह द्वितीय वर्ष है। कथा वाचन सोहागपुर निवासी कथा वाचिका हरीप्रिया तिवारी के मुखारविंद से किया जा रहा है। उनकी मधुर वाणी और सरल प्रस्तुति शैली से श्रोतागण भावविभोर हो रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे सप्ताह गांव में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों का प्रसार होता है। सोहागपुर में चल रही श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



