Home Blog जांजगीर-चांपा: होली पर किसानों को खुशहाली का तोहफा, 3100 रुपए प्रति क्विंटल...

जांजगीर-चांपा: होली पर किसानों को खुशहाली का तोहफा, 3100 रुपए प्रति क्विंटल अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान—इंजी. रवि पाण्डेय

0

जांजगीर-चांपा। “इस होली रंग सिर्फ गुलाल के ही नहीं, बल्कि खुशहाली के भी होंगे।” यह बात भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कही। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और किसान हितैषी बताया।

इंजी. पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार ने होली से पहले धान की अंतर राशि 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट के निर्णय के अनुरूप यह राशि पर्व से पहले किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

Ro.No - 13672/156

उन्होंने जानकारी दी कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में रिकॉर्ड 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। यह केवल समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं, बल्कि किसानों के श्रम और पुरुषार्थ का सम्मान है। उनके शब्दों में, सरकार धान ही नहीं खरीद रही, बल्कि किसानों के पसीने की हर बूंद का मूल्य चुका रही है।

इंजी. पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ‘अन्नदाता’ सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली से पहले एकमुश्त भुगतान का यह निर्णय किसानों को आर्थिक मजबूती देगा और उनके उत्सव के उल्लास को दोगुना करेगा। मुख्यमंत्री का यह कथन—“किसानों की मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है”—सरकार की सेवा भावना को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के विपरीत, साय सरकार ने किसानों को किस्तों के इंतजार से मुक्त कर 3100 रुपये प्रति क्विंटल का वादा निभाया है और अपनी विश्वसनीयता साबित की है। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इंजी. पाण्डेय ने विश्वास जताया कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ को कृषि प्रधान राज्य से कृषि समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here