Home Blog वीरांगना रमोतीन माड़िया आदर्श महिला महाविद्यालय में मनाया गया वार्षिकोत्सव

वीरांगना रमोतीन माड़िया आदर्श महिला महाविद्यालय में मनाया गया वार्षिकोत्सव

0

नारायणपुर- वीरांगना रमोतीन माड़िया आदर्श महिला महाविद्यालय में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कृति, खेल एवं सृजनात्मक गतिविधियों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के नवीन प्राचार्य प्रो. बी. डी. चांडक ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला प्रधान उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश प्रतिनिधि भाजपा छत्तीसगढ़ श्री गौतम एस. गोलछा, अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.आर. कुंजाम शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात महाविद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. निहारिका सोरी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। प्राचार्य प्रो. चांडक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि श्रीमती प्रमिला प्रधान ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज छात्राएं महिला सशक्तिकरण की सशक्त पहचान बनकर विभिन्न विधाओं में भाग लेते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले का एकमात्र महिला महाविद्यालय आने वाले समय में नए इतिहास रचेगा।
विशिष्ट अतिथि श्री गौतम एस. गोलछा ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण एवं कड़ी मेहनत का संदेश देते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़कर भाग लेते हैं। डॉ. एस.आर. कुंजाम ने कहा कि सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। श्री जैकी कश्यप ने धैर्य एवं निरंतरता को सफलता का मूल मंत्र बताया।
दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, पुष्प सज्जा, खो-खो, मटका फोड़, शतरंज, गोला फेंक, कुर्सी दौड़, चित्रकला, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण, केश सज्जा, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार भतपहरी, श्रीमती सरिता शुक्ला, डॉ. गोपाल पासवान, श्री विपिन कुमार, श्री हेमेंद्र, श्रीमती दुलेश्वरी कांडरा, कु. दीपिका कोर्राम, कु. मीणा तथा कार्यालय स्टाफ श्रीमती फिंगिम नेताम, श्री टेश्वर बघेल, श्रीमती पुष्पा मारगिया, श्री देवचरण, कु. लक्ष्मी सहित समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की वरिष्ठ छात्रा कु. मंजू एवं श्री देवचरण ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here