शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान
उत्तर बस्तर कांकेर, 17 मार्च 2026/ जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 17 मार्च मंगलवार से 21 अप्रैल मंगलवार तक सप्ताह के प्रत्येक टीकाकरण दिवसों में ”शिशु संरक्षण माह“ विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत जिले के 06 माह से 05 वर्ष तक आयु समूह के सभी बच्चों को आयरन फॉलिक एसिड सिरप सप्ताह में दो बार तथा 09 माह से 05 वर्ष तक के आयु समूह के सभी बच्चों को विटामिन ’ए’ सिरप की खुराक प्रत्येक छः माह में एक बार पिलाया जायेगा। शिशु संरक्षण माह के दौरान प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को तथा 30 मार्च सोमवार एवं 02 अप्रैल गुरूवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया जाकर सभी बच्चों को विटामिन ‘ए’ एवं आयरन फॉलिक एसिड सिरप तथा लक्षित बच्चों का टीकाकरण के साथ ही गर्भवती माताओं की हिमोग्लोबीन जांच एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों की पहचान किया जाकर उन्हें जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में भेजा जाएगा।
शासन की मंशा के अनुसार मीजल्स रूबेला का उन्मूलन तथा शत-प्रतिशत बच्चों का पूर्ण टीकाकरण किये जाने के लिए मंगलवार को अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का बैठक आयोजित किया गया, जिसमें अपर कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शिशु सरंक्षण माह का सफल संचालन करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले के सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने में सहयोग प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आर.सी.ठाकुर द्वारा मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल अलबेलापारा कांकेर में लाभार्थी बच्चों को विटामिन ”ए“ की मौखिक खुराक पिलाकर शिशु संरक्षण माह का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.ओ.पी. शंखवार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमन्त नाग, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री रोहित वर्मा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. हमित, जिला आरएमएनसीएचए सलाहकार, डी.पी.एच.एन तथा बच्चों का अभिभावक उपस्थित थे।



