बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिले के कोईटपाल में 214 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सेक्टर एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (परिचालन) रेंज बीजापुर के निर्देशानुसार कमांडेंट के. डी. जोशी की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम ई/214 समवाय द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत आसपास के गांवों के ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इसमें सोलर लैम्प, प्लेट-गिलास, डेगचा-पतीला, मच्छरदानी, सिलाई मशीन, पानी टंकी, लुंगी-साड़ी, चप्पल, कंबल एवं खेल सामग्री जैसे क्रिकेट किट, वॉलीबॉल और फुटबॉल शामिल रहे।
इस आयोजन में तुमनार, कोडेनार, पाटेलपारा, पुजारीपारा, नयापारा, पेदापारा एवं कोईटपाल गांवों के लगभग 270 ग्रामीण लाभान्वित हुए, जिनमें 140 पुरुष और 130 महिलाएं शामिल थीं। साथ ही फ्री मेडिकल कैम्प का भी आयोजन किया गया, जिसमें 214 बटालियन के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
कमांडेंट के. डी. जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि सीआरपीएफ द्वारा अंदरूनी क्षेत्रों में कैंप स्थापित होने से विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क निर्माण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार हो रहा है, जिसका लाभ ग्रामीणों और युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ न केवल सुरक्षा बल्कि जनसंपर्क और जनसेवा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बल की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।



