*कहा- समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच*
कांकेर, 31 मई 2026/
शासकीय कन्या विद्यालय, कांकेर में आयोजित “नन्हे सितारे फन एंड लर्न समर कैंप” का समापन समारोह रचनात्मक प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। उक्त समर कैंप के समापन कार्यक्रम में कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत शामिल हुईं।
समारोह के दौरान विधायक श्री नेताम ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला प्रदर्शनियों, शैक्षणिक गतिविधियों और रचनात्मक प्रदर्शनों का अवलोकन किया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह को देखकर उन्होंने मुक्त कंठ से सराहना की। मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने उद्बोधन में विधायक श्री नेताम ने कहा कि कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित ऐसे समर कैंप बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें नई पहचान दिलाने का उत्कृष्ट माध्यम हैं। शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक और व्यावहारिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उन्हें खेल, कला, संगीत, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना भी आवश्यक है। “नन्हे सितारे फन एंड लर्न समर कैंप” इसी उद्देश्य को सार्थक रूप से पूरा कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, गीत, चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में कांकेर विधायक ने सभी प्रतिभागी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।



