Home छत्तीसगढ़ टिकारी में दर्दनाक सड़क हादसा: ईंट लदे माजदा ने किशोर को कुचला,...

टिकारी में दर्दनाक सड़क हादसा: ईंट लदे माजदा ने किशोर को कुचला, मौके पर मौत ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

0

 

 

Ro.No - 13759/40

मस्तूरी। जनपद पंचायत मस्तूरी के ग्राम पंचायत टिकारी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईंट से भरी स्वराज माजदा क्रमांक CG10AU-5767 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG10CA-7820 पर सवार विवेक बंजारे (17 वर्ष) को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर तहसीलदार शिल्पा भगत एवं मस्तूरी पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना में शामिल स्वराज माजदा वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक विवेक बंजारे के भाई की भी कुछ दिन पहले दूसरे राज्य में कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। विवेक अपने भाई की दशगात्र कार्यक्रम का निमंत्रण देने टिकारी भाटापारा स्थित रिश्तेदारों के यहां गया था और वापस लौटते समय दोपहर करीब 2:30 बजे यह हादसा हो गया।

एक ही परिवार के दो बेटों की अल्प समय में हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here