🚨 *एसडीओपी धरमजयगढ़ ने की जांच, घरघोड़ा थाने में दर्ज हुआ अपराध, दो आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए*
🚨 *मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष, घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई जारी*
🚨 *शिकायत जांच के आधार पर थाना घरघोड़ा में आरोपियों पर सुसंगत धाराओं के तहत त्वरित कार्रवाई की गई है – एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह*
*5 जून, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर शिकायतों की गंभीरता और समयसीमा में निराकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आवेदक पिंगल कुमार बघेल (41 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 05, छाल रोड, घरघोड़ा द्वारा प्रस्तुत शिकायत पत्र की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई। जांच के आधार पर कल आवेदक की पत्नी, साले और ससुर के विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी एवं आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों में थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज किया गया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी सीमा बघेल और उसके भाई कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
🔹 *शिकायत की जांच में सामने आया करोड़ों की संपत्ति हड़पने का कथित षड्यंत्र, व्यवसाय की रकम कथित रूप से निकालकर साले को देने का आरोप*
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग एवं मीडिया से संबंधित कार्य करता है। वर्ष 2008 में इसका विवाह श्रीमती सीमा यादव (सीमा बघेल) से हुआ है । व्यवसाय में आर्थिक प्रगति होने के बाद उसके ससुर भरतलाल यादव और साला कृष्ण कुमार यादव का उसके घर आना-जाना बढ़ गया। शिकायत के अनुसार वह प्रतिदिन अपने व्यवसाय से प्राप्त राशि अपनी पत्नी सीमा बघेल को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था।
वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि व्यवसाय से प्राप्त राशि के अनुपात में घर में रकम उपलब्ध नहीं है। इस पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर निगरानी शुरू की। शिकायत के अनुसार फुटेज देखने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी बिना उसकी जानकारी के आलमारी से रकम निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को दे रही थी। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते के लेन-देन का अवलोकन करने पर लगभग 22 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन पाए गए, जबकि वह बेरोजगार था।
🔹 *मुआवजा मिलने की संभावना वाली भूमि पत्नी के नाम कराने का आरोप*
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना बनाई थी। उक्त भूमि पर भविष्य में करोड़ों रुपये के मुआवजे और नौकरी मिलने की संभावना थी। आरोप है कि इसी जानकारी का लाभ उठाते हुए ससुर भरतलाल यादव, साला कृष्ण कुमार यादव और पत्नी सीमा बघेल ने एक राय होकर उस पर दबाव बनाया और लगभग 13 लाख 50 हजार रुपये की भूमि सीमा बघेल के नाम पर रजिस्ट्री कराई। इसके बाद अन्य संपत्तियों को भी हड़पने के उद्देश्य से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
🔹 *जांच में चोरी, धोखाधड़ी और गबन के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए*
एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा की गई विस्तृत जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि आरोपीगण श्रीमती सीमा बघेल, कृष्ण कुमार यादव और भरतलाल यादव ने एक राय होकर योजनाबद्ध तरीके से आवेदक को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, उसकी रकम और संपत्ति पर अनुचित लाभ अर्जित करने तथा उसकी मेहनत की कमाई का गबन करने का प्रयास किया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर दिनांक 03 जून 2026 को थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
🔹 *पत्नी और साला गिरफ्तार, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी*
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में विवेचना के दौरान दिनांक 04 जून 2026 को आरोपी सीमा बघेल (41 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 05, छाल रोड, घरघोड़ा तथा कृष्ण कुमार यादव (39 वर्ष) निवासी पैलपारा वार्ड क्रमांक 14, सारंगढ़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने प्रकरण से संबंधित तथ्यों के संबंध में जानकारी दी। मामले में पर्याप्त साक्ष्य एवं सबूत पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रकरण में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है, जिसकी तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —
*“धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र जैसे अपराधों में शामिल व्यक्ति को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा। पीड़ितों को न्याय दिलाना और आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना हमारी प्राथमिकता है।”*



