Home Blog ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी सुभेष अग्रवाल...

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी सुभेष अग्रवाल गिरफ्तार

0

‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टे के लेन-देन और हिसाब-किताब संभालता था आरोपी

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत खरसिया पुलिस को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी आईपीएल एवं अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य था।

Ro.No - 13848/159

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2025 को थाना साइबर सेल एवं चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नवीन स्कूल के पास गली रोड, खरसिया में घेराबंदी कर आरोपी अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी एस-22 मोबाइल फोन तथा 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे।
मोबाइल की जांच के दौरान ALLPANELEXCH एवं ALLPANELEXCH 9-CO नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने के प्रमाण मिले थे। पूछताछ में आरोपी अंकित अग्रवाल ने बताया था कि वह अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित करता था।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि सुभेष अग्रवाल सट्टे से जुड़े रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब का कार्य संभालता था। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टेबाजों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन क्रिकेट मैचों में हार-जीत का दांव लगवाते थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया था।
मामले में चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 203/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपी अंकित अग्रवाल को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं सह-आरोपी अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल घटना के बाद से फरार थे।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुभेष अग्रवाल पिता स्वर्गीय गजानंद अग्रवाल, उम्र 39 वर्ष, निवासी रायगढ़ चौक, खरसिया क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटारोला कंपनी का मोबाइल फोन (मॉडल G60 Pro) भी जब्त किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल निवासी स्टेशन रोड, खरसिया अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, धनंजय कश्यप एवं सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here