Home कांकेर थाना पखांजूर पुलिस एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त जागरूकता अभियान...

थाना पखांजूर पुलिस एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त जागरूकता अभियान आयोजित

0

 

 

Ro.No - 13848/159

🟪 पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार कुर्रे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर श्री रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना पखांजूर पुलिस द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ संयुक्त रूप से व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

 

🟪 उक्त अभियान में नव पदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी रीना लारिया एवं विभागीय टीम की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र अंतर्गत लगभग 75 ग्राम पंचायतों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।

 

🟪 कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं कर्मचारियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा यह कानूनन अपराध भी है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से अपील की कि अपने-अपने गांव एवं समाज में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं तथा कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

🟪 कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत भी व्यापक जागरूकता संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशा समाज एवं परिवार के लिए विनाश का प्रमुख कारण है। नशे के कारण घरेलू विवाद, अपराध, आर्थिक तंगी एवं सामाजिक अशांति जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। थाना प्रभारी द्वारा सभी से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा गांव-गांव में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज निर्माण में सहयोग करें।

 

🟪 इसके साथ ही डायल 112 महत्वाकांक्षी योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता, मेडिकल सहायता एवं अग्निशमन सेवा प्राप्त करने हेतु डायल 112 सेवा अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी माध्यम है। आमजन को बताया गया कि किसी दुर्घटना, विवाद, अपराध, आगजनी अथवा अन्य आपात स्थिति में बिना घबराए तुरंत डायल 112 पर कॉल करें, जिससे शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

🟪 कांकेर पुलिस द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं जनसुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित हो एवं आमजन पुलिस से जुड़कर सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here