मस्तुरी। भारतीय सेना में वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद अपने गृह ग्राम लौटे सेवानिवृत्त सैन्य जवान लोकनाथ पटेल का ग्रामीणों ने गर्मजोशी और सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया। मस्तूरी पहुंचते ही ग्राम के ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर गोवर्धन साहू राजेंद्र पटेल भागीरथी पटेल लक्ष्मी पटेल भागवत पटेल हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवाओं की मौजूदगी रही।
सेवानिवृत्त जवान लोकनाथ पटेल ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश की सेवा करना उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य रहा। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ जीवन जीने तथा भारतीय सेना सहित अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश की सेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गोवर्धन साहू ने जवान की वर्षों से निस्वार्थ सेवा, समर्पण और साहस की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सैनिक पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। ग्रामीणों ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपने सैनिक का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि अपने गांव के वीर सपूत का सम्मान करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है।



