Home Blog मेरा युवा भारत’ जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक संपन्न

मेरा युवा भारत’ जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक संपन्न

0
युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

उत्तर बस्तर कांकेर,  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ जिला कांकेर द्वारा आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। मेरा युवा भारत के जिला अधिकारी श्री सुनील कुमार द्वारा जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें नेतृत्व, कौशल, सेवा, रोजगार, खेल, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिले में निरंतर विभिन्न नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।

बैठक में युवा मंडलों के गठन एवं सशक्तिकरण, खेल गतिविधियों के विस्तार, स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, कौशल विकास प्रशिक्षण, वोकेशनल ट्रेनिंग, सेवा पखवाड़ा, विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्विज़, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने की कार्ययोजना पर भी प्रकाश डाला गया। बैठक में यह भी बताया गया कि आने वाले समय में मेरा युवा भारत के तहत जिले में अनेक नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे युवाओं को नई संभावनाओं, प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी अवसरों तथा सामाजिक नेतृत्व से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सकेगा। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से यह भी आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करें। पोर्टल पर पंजीयन के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वयंसेवी गतिविधियों, रोजगारपरक अवसरों, नेतृत्व विकास कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, इंटर्नशिप, खेल गतिविधियों तथा अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा।

Ro.No - 13848/159

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मेरा युवा भारत द्वारा जिले में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं अधिक से अधिक युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा युवा भारत के जिला अधिकारी सुनील कुमार उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here