बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने और विवेचना कार्य को अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बीजापुर जिले के सभी विवेचना अधिकारियों (इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर्स) को स्मार्ट मोबाइल डिवाइस वितरित किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अमन झा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना ने जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों को स्मार्ट डिवाइस सौंपे।
पुलिस विभाग के अनुसार, इन स्मार्ट डिवाइसों की सहायता से विवेचना अधिकारी घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्यों का त्वरित संकलन, प्रकरण से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों एवं सूचनाओं का ऑनलाइन आदान-प्रदान, फोटो और वीडियो साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण तथा पुलिस विभाग के विभिन्न डिजिटल एप्लीकेशन एवं पोर्टलों का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे। इससे विवेचना प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और वैज्ञानिक बनेगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण में मदद मिलेगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बीजापुर पुलिस ने कहा है कि वह आधुनिक तकनीक, नवाचार और डिजिटल संसाधनों के अधिकतम उपयोग के माध्यम से स्मार्ट पुलिसिंग को मजबूत करने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



