▶️ कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता : जियो मोबाइल टॉवर बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश
▶️ जिले के 06 स्थानों सहित नारायणपुर जिले में हुए वारदातों का खुलासा।
▶️ 49 जियो टॉवर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, भारी मात्रा में मेटल पुर्जे , चोरी के औजार एवं ₹41,000 नगद बरामद।
▶️ पूर्व में इसी गिरोह से थाना रावघाट पुलिस 72 बैटरियां भी कर चुकी है बरामद।
घटना का संक्षिप्त विवरण:-
कांकेर जिले में पिछले कुछ महीनों से रिलायंस जियो मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी होने की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में जिले के थाना आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया एवं रावघाट में दर्ज प्रकरणों की गहन विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई।
इसी दौरान थाना आमाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम किसकोड़ो स्थित रिलायंस जियो मोबाइल टॉवर से बैटरी चोरी के संबंध में दर्ज अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी माखन तुमरेटी एवं देवराज बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों एली मसीह, राजेश यादव तथा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया रावघाट एवं सोनपुर थाना क्षेत्र में स्थित जियो मोबाइल टावरों को निशाना बनाया। चोरी की गई बैटरियों को दल्लीराजहरा के राजेश नेताम कबाड़ी तथा अंकित जैन को बेचा गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे गिरोह को जियो कंपनी के कर्मचारी का सहयोग प्राप्त होता था, जिसकी भूमिका भी जांच में उजागर हुई है।
विस्तृत जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गिरोह ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच आमाबेड़ा, रावघाट, कोयलीबेड़ा, छोटेबेठिया, बांदे तथा जिला नारायणपुर के सोनपुर क्षेत्र में स्थित जियो मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी की थीं। चोरी के बाद बैटरियों को खोलकर उनके अंदर का मेटल अलग किया जाता था तथा बैटरी के बॉक्स एवं अन्य सामान को कबाड़ी बाजार में बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर दल्लीराजहरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 49 नग जियो मोबाइल टॉवर बैटरियां, 311 नग बैटरियों के खाली बॉक्स, 29 प्लास्टिक की बोरियों में भरा बैटरियों से निकाला गया मेटल, चोरी में प्रयुक्त 01 लोहे का हथौड़ा, 02 पेचकस, 01 फाइल (रेती) तथा 41,000 नगद बरामद किए। यह नगद राशि चोरी की बैटरियों की बिक्री से प्राप्त होना पाया गया।
इसी गिरोह के विरुद्ध पूर्व में थाना रावघाट पुलिस द्वारा भी कार्रवाई करते हुए ग्राम वरचे स्थित मोबाइल टॉवर से चोरी की गई 72 बैटरियां बरामद की जा चुकी हैं।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह एवं अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 303(2), 3(5), 112(2), 317(2), 61 एवं 62 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बरामद सामग्री
– 41,000 नगद।
– 49 नग जियो मोबाइल टॉवर बैटरियां।
– 311 नग बैटरियों के खाली बॉक्स।
– 29 प्लास्टिक बोरियां जिसमें बैटरियों से निकाला गया मेटल, पुर्जे भरे मिले।
– 01 लोहे का हथौड़ा।
– 02 पेचकस।
– 01 फाइल (रेती)।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजेश नेताम, पिता छोटेलाल नेताम, उम्र 30 वर्ष, बखरूपारा, थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद।
2. माखन तुमरेटी, पिता स्व. आनंदी तुमरेटी, उम्र 45 वर्ष, दल्लीराजहरा, जिला बालोद।
3. देवराज बघेल, पिता गजराम बघेल, उम्र 30 वर्ष, वल्लभनगर पटेल कॉलोनी, दल्लीराजहरा, जिला बालोद।
4. राजेश यादव, पिता हेमकुमार यादव, उम्र 29 वर्ष, थाना गुरूर, जिला बालोद।
5. एली मसीह, पिता रोमी मसीह, उम्र 28 वर्ष, जिला बालोद।
6. अंकित कुमार जैन, पिता मुकुन्दचंद जैन, उम्र 34 वर्ष, थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद।
सराहनीय पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद साहू, सउनि गिरीशचंद कुर्रे, प्रधान आरक्षक महेश नेताम, राजकुमार दर्रो तथा आरक्षक मनिहार भुरकुरिया, विकास बघेल, घनश्याम नाग, शिव प्रसाद ध्रुव एवं लोकेश यादव की सराहनीय भूमिका रही।
📢 कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस आमजन से अपील करती है कि मोबाइल टॉवर, विद्युत उपकरणों अथवा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों से संबंधित चोरी, संदिग्ध गतिविधियों या कबाड़ में संदिग्ध सामग्री की खरीद-फरोख्त की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। आमजन का सहयोग अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी में अत्यंत महत्वपूर्ण है।



