धोबनी – ग्राम धोबनी में भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। 16 जुलाई गुरूवार को आयोजित इस पावन अवसर पर पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथ यात्रा के दौरान गांव की माताओं और बहनों ने अपने घरों के सामने सुंदर ढंग से सजी हुई पूजा की थालियों के साथ भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचते हुए भगवान का नगर भ्रमण कराया। जगह-जगह भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया गया तथा जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा गांव गूंज उठा।
ग्रामवासियों ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा हर वर्ष श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाती है। इस पावन अवसर पर सभी लोग अपने परिवार सहित शामिल होकर भगवान से सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं।
रथ यात्रा के सफल आयोजन में ग्राम के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में गहरा उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।



