बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा चयनित विद्यालयों में किशोरी बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी बिस्मिता पाटले के मार्गदर्शन में 1 से 5 जुलाई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण अभियान के तहत छात्राओं को जूडो-कराटे के माध्यम से आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षण का आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय परिसर, जीएडी कॉलोनी बीजापुर तथा कन्या शिक्षा परिसर, एजुकेशन सिटी बीजापुर में किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने किशोरी बालिकाओं को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने, संकट के समय आत्मविश्वास बनाए रखने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के तरीके सिखाए।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 181 (महिला हेल्पलाइन) की जानकारी भी दी गई, ताकि जल आवश्यकता पड़ने पर वे समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।
यह कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से संचालित किया गया। इसका उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें साहस, आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना है, जिससे वे हर परिस्थिति का सामना आत्मनिर्भर होकर कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान महिला संरक्षण अधिकारी शीला भारद्वाज, बाल संरक्षण अधिकारी राहुल कौशिक, चाइल्डलाइन सुपरवाइजर महेंद्र कश्यप, सतीश तथा जूडो-कराटे प्रशिक्षक भूवन नागे, दीपक दुर्गम, श्रद्धा डोडी और राधे रमन सहित अन्य प्रशिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



