Home Blog जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं

0
पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

रायगढ़, जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम उच्चभिट्ठी निवासी पुरुषोत्तम चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में उनका दाहिना पैर टूट गया है और चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी है। उपचार में लगभग 2 लाख रुपये का खर्च आने की संभावना है, जबकि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है तथा वे अंत्योदय राशन कार्डधारी हैं। इस पर कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्रता के अनुसार उन्हें आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाते हुए उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसी प्रकार ग्राम बैकुंठपुर की अनुपमा यादव ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत आवेदन किया था, जिसे घोषणा-पत्र के अभाव में निरस्त कर दिया गया। पुनः आवेदन करने के बाद उन्होंने योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने श्रम विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर पात्रता अनुसार लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम तेलीपाली के ग्रामीणों ने मनरेगा अंतर्गत तालाब गहरीकरण कार्य में मानव-दिवस की कटौती की शिकायत करते हुए जांच की मांग की।

Ro.No - 13848/159

इस पर कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम शंकरपाली के महेत्तर दास ने अतिक्रमण हटाने, मत्स्य पालन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी मनीराम कुर्रे ने लंबित देयकों के भुगतान, ग्राम लिबरा की विमला चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम पंचायत रुड़ुकेला के ब्रह्मानंद सा ने पुलिया निर्माण में अनियमितता की शिकायत करते हुए जांच की मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here