एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
खोगापानी । एमसीबी जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। एक ओर जहां अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही वर्षा से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत खोगापानी स्थित साहू मेडिकल स्टोर की छत लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। मेडिकल स्टोर संचालक दिगम्बर साहू ने बताया कि बारिश के चलते दुकान की छत और दीवारों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। छत से पानी रिसने के कारण हजारों रुपये मूल्य की दवाइयां भी खराब हो गई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
वहीं, नगर में अमृत जल मिशन योजना के तहत विभिन्न स्थानों पर खोदे गए गड्ढे बारिश के बाद लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।



