कांकेर, सोशल मीडिया पर आरक्षित वर्ग और मूलनिवासी समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और जातीय वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट को लेकर कांकेर में विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर ‘डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर स्मारक समिति, जिला-उत्तर बस्तर कांकेर’ ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा को एक ज्ञापन सौंपा है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समिति द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ‘आदर्श मिश्रा’ (Adarsh Mishra) नामक एक प्रोफाइल से एक सार्वजनिक पोस्ट शेयर की गई थी।
इस पोस्ट में शिक्षा और आरक्षण की तुलना करते हुए बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिससे समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। समिति का कहना है कि यह पोस्ट विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) यानी मूलनिवासी समाज के प्रति घृणास्पद और भड़काऊ है। समिति के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है कि इस प्रकार की अभिव्यक्ति से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी भाईचारा खराब हो सकता है, जातीय नफरत फैल सकती है और सामाजिक तनाव पैदा होने की आशंका है।
पुलिस अधीक्षक महोदय से की गई लिखित शिकायत में, समिति ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर तुरंत वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि यदि इस गंभीर विषय पर प्रशासन द्वारा समय पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती है, तो उनका संगठन और सर्व समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। समिति ने कहा है कि ऐसी स्थिति में होने वाली किसी भी घटना की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी इस दौरान पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस खबर के बाद क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द को लेकर चर्चा तेज हो गई है इस दौरान कौशल किशोर ऊके अध्यक्ष डॉ. आंबेडकर स्मारक समिति कांकेर, बीरबल गढ़पाले अध्यक्ष भारतीय बौद्ध महासभा, मिथलेश मेश्राम महासचिव भारतीय बौद्ध महासभा, पालेश्वर राव तुरकर सचिव स्मारक समिति, विश्वेश्वर मेश्राम पूर्व अध्यक्ष, एडवोकेट एन. एल. पचबीए, पार्षद एवं मीडिया प्रभारी विकास कुमार अंभोरे, कल्याण सिंह मेश्राम, राधेश्याम गनवीर स्थानीय समाज अध्यक्ष, एस. पी. रामटेके, कार्तिक रामटेके सहित समाज के लोग मौजूद रहे।



