प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। स्मार्ट मीटर से आने वाले बिजली बिलों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। अचानक कई गुना अधिक बिल आने से लोग बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनकी सामान्य खपत के बावजूद बिल पहले की तुलना में काफी ज्यादा आ रहा है। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से लागू किया गया था, लेकिन कई इलाकों में यही व्यवस्था अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती दिखाई दे रही है। भारी-भरकम बिजली बिल आने के बाद रोजाना बड़ी संख्या में लोग बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां उनका बिल सामान्य आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल कई गुना बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा और न ही बिल में कोई सुधार किया जा रहा है।
इससे आम लोगों की आर्थिक परेशानी भी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से स्मार्ट मीटर की जांच कर वास्तविक बिजली खपत के आधार पर बिल जारी करने और शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की है। किरारी निवासी ठाकुर बलवंत सिंह ने बताया कि मेरे घर के स्मार्ट मीटर पर ऑनलाइन पर 760/ दिखा रहा है लेकिन मैंने ऑफ लाइन पर 910/ का बिल अदा किया था।
मैने अपनी शिकायत मस्तूरी में किया है जिस पर अधिकारी प्रवीण कौशिक ने निराकरण का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस उपभोक्ताओं को कुछ शिकायत रहे तो आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



