सरसीवा – ग्राम पंचायत नावापारा (ख) के आश्रित ग्राम देवरहा में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। विकास कार्यों की धीमी गति और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने से ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्राम देवरहा के युवाओं ने बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरें एवं जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से विशेष मुलाकात कर गांव की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।
सामाजिक कार्यकर्ता मनहरण, सोनू एवं कृष्णा यादव ने बताया कि वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में मुक्तिधाम नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में अंतिम संस्कार करने में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा गांव में पक्की सड़क नहीं होने से बारिश के दौरान आवागमन बाधित रहता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लंबे समय से गांव में सफाई नहीं होने के कारण कचरे का ढेर लगा हुआ है। बरसात के मौसम में मच्छर, सांप और बिच्छुओं का खतरा बढ़ जाता है, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं ने विधायक एवं जनपद सीईओ से मांग की वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में शीघ्र मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाए, सड़कों पर मुरूम डाली जाए, नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था हो, कूड़ादान उपलब्ध कराया जाए तथा गांव में विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
इस पर विधायक एवं जनपद सीईओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर दीपक, देवलाल, रामेश्वर, रवि, सुमित, निखिल, शिवशंकर, शैलेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



