उत्तर बस्तर कांकेर, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजनान्तर्गत ऑनलाईन सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीनावागाँव में किया गया जिसमें स्कूल के सभी छात्र एवं छात्राएँ सम्मिलित हुए।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस विभाग के मास्टर ट्रेनर के द्वारा छात्राओं को वर्तमान में हो रहे ऑनलाईन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, मंहगे गिफ्ट का झांसा, शीघ्र लोन प्राप्ति हेतु अनजान एप्लीकेशन का उपयोग एवं सोशल मीडिया में एआई के माध्यम से हो रहे साइबर क्राइम से सतर्क रहने और इस प्रकार की घटनाओं से स्वयं को सुरक्षित रखन के उपायों को विस्तार से बताया गया।
महिला संरक्षण अधिकारी के द्वारा घरेलु हिंसा के बारे में जानकारी देते हुए गुड टच, बेड टच तथा आकस्मिक घटनाओं से बचाव एवं छेड़छाड़ से स्वयं को सुरक्षित रखने आदि के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक एवं जेण्डर विशेषज्ञ के द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत मिशन शक्ति के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं, घरेलु हिंसा, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्प लाईन 181, चाइल्ड हेल्प लाईन 1098 एवं कन्या भ्रूण हत्या आदि के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा टीम, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र से जिला मिशन समन्वयक, महिला संरक्षण अधिकारी, जेण्डर विशेषज्ञ, परामर्शदाता एवं स्कूल के प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।



