कांकेर में शिक्षक भर्ती की तैयारी को नई उड़ान, मावा मोदोल के तहत विशेष चयन परीक्षा संपन्न
जिला प्रशासन की अनूठी पहल: शिक्षक व सहायक शिक्षक भर्ती हेतु नि:शुल्क क्रैश कोर्स के लिए चयन परीक्षा आयोजित
कांकेर, जिला प्रशासन उत्तर बस्तर कांकेर द्वारा युवाओं को शिक्षक एवं सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता दिलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मावा मोदोल नि:शुल्क कोचिंग संस्थान के माध्यम से विशेष चयन परीक्षा का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा यह परीक्षा आयोजित की गई।
इस पहल का उद्देश्य जिले के उन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जो शिक्षक एवं सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं। इसके लिए सीटीईटी, सीजी-टीईटी उत्तीर्ण तथा बी.एड./डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
चयन परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय कांकेर स्थित मावा मोदोल केंद्र तथा विकासखंड भानुप्रतापपुर में किया गया। परीक्षा में कांकेर केंद्र से 170 तथा भानुप्रतापपुर केंद्र से 60, कुल 230 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। चयन परीक्षा के परिणाम 3 अगस्त तक जारी किए जाएंगे, जबकि 4 अगस्त से काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ कर मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की विशेष क्रैश कोर्स कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने उन अभ्यर्थियों को भी राहत दी है जो किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को 3 अगस्त (सोमवार) को संबंधित परीक्षा केंद्र में उपस्थित होकर पंजीयन कराने एवं परीक्षा में सम्मिलित होने का अतिरिक्त अवसर दिया गया है। इन अभ्यर्थियों का चयन भी परीक्षा एवं काउंसलिंग के आधार पर किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि शिक्षक एवं सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा तक यह क्रैश कोर्स पूरी तरह नि:शुल्क संचालित किया जाएगा। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरने से लेकर परीक्षा के संपूर्ण पाठ्यक्रम का विषयवार अध्ययन कराया जाएगा। साथ ही नियमित टेस्ट, मूल्यांकन एवं विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन के माध्यम से अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा भर्ती परीक्षा में सफल होकर शिक्षक बनने का सपना साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अगामी माह में आयोजित होने वाली प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु प्रतिबद्ध है आने वाले दिनों में व्याख्याता भर्ती की प्रक्रिया होने पर उसकी भी तैयारी कराई जावेगी ।इस पहल से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। नि:शुल्क कोचिंग, नियमित अभ्यास एवं अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन से अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनकी सफलता की संभावना भी मजबूत होगी।
इस पूरी चयन परीक्षा के संचालन एवं रूपरेखा तैयार करने में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद तथा जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) श्री नवनीत पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन ने सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी करने और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।



