Home Blog दूध विक्रेता की चोरी गई बाइक बरामद, निगरानी बदमाश गिरफ्तार

दूध विक्रेता की चोरी गई बाइक बरामद, निगरानी बदमाश गिरफ्तार

0
🚨 जूटमिल पुलिस ने 7 दिन के भीतर सुलझाया बाइक चोरी का मामला
🚨 16 मामलों के आदतन अपराधी दीपक बरेठ को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड
🚨 चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने दूध विक्रेता की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-U-4525) बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना के संबंध में 30 जुलाई 2026 को प्रार्थी अर्जुन मौर्य (44 वर्ष), निवासी तुर्कुमुड़ा, जूटमिल ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आया था। दोपहर लगभग 12:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 426/2026 अंतर्गत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

Ro.No - 13895/163

विवेचना के दौरान आज 03 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर चौक निवासी निगरानी बदमाश दीपक बरेठ थाना जूटमिल के पीछे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल की आगे-पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।

पूछताछ एवं मेमोरेंडम के दौरान आरोपी दीपक बरेठ (34 वर्ष), निवासी कबीर चौक, वार्ड क्रमांक-35, थाना जूटमिल ने स्वीकार किया कि उसने झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आए व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि बाइक में रखे तीन दूध के डिब्बों को उसने केलो नदी में फेंक दिया था, जो पानी के तेज बहाव में बह गए। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी दीपक बरेठ थाना जूटमिल का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध लूट, चोरी, दुष्कर्म एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक शांति मिरी एवं आरक्षक संजय एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

“संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आदतन अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कड़ी नजर है। चोरी, लूट एवं अन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here