650वीं जयंती पर जिलेभर में चलेगा ‘समरसता संकल्प अभियान’, वाराणसी की पवित्र माटी युक्त कलश का होगा स्वागत
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा पूरे जिले के मंडलों में उनके जीवन दर्शन, विचारों और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज में एकता, समानता और समरसता का संदेश देने का एक पावन एवं प्रेरणादायी कार्य अपने हाथ में लिया है।
श्रीमती पावले ने बताया कि अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल युक्त कलश पूरे जिले में भ्रमण करेगा। यह कलश यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग से संपर्क कर संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और समावेशिता का संकल्प भी दिलाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आगामी वर्ष माघ पूर्णिमा तक निरंतर संचालित होगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संत गुरु रविदास जी के आदर्शों, उनके संदेशों और शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान करेंगे, ताकि समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
श्रीमती पावले ने जानकारी दी कि भाजपा द्वारा आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 4 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पवित्र कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के पूज्य साधु-संत तथा विभिन्न समाजों के प्रमुखजन उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद इन्हें प्रदेश के 479 मंडलों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा कि संत गुरु रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में इस पवित्र कलश का भव्य स्वागत एवं भ्रमण कराया जाएगा, जिससे समाज में समरसता, सद्भाव और सामाजिक एकता का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।



