रायगढ़ । जिले के जनपद पंचायत पुसौर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसमें विकास संबंधी कार्य जिस एजेंसी ने किया था उसे भुगतान ना कर किसी अन्य वेंडर को भुगतान कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2824- 25 में जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम रनभांठा में पूर्व सरपंच ममता छत्तर द्वारा नियमानुसार सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ग्राम के आदिवासी मोहल्ले में शेड का निर्माण कराया गया । इस कार्य में एन टी पी सी, लारा द्वारा वित्तीय सहयोग दिया गया । पूरे निर्माण कार्य की कुल स्वीकृत राशि 12 लाख रुपए थे । शेड निर्माण कार्य के लिए एन टी पी सी लारा ने प्रथम किश्त के रूप में 4 लाख 80 हजार रुपए जारी किए । ममता छत्तर द्वारा बजरंग ट्रेडर्स को मूल देयक प्रदान कर निर्माण कार्य का आदेश दिया गया ।जिसे उक्त वेंडर द्वारा तय समय में पूर्ण किया गया । इसके बाद नवनिर्वाचित सरपंच और सचिव द्वारा उक्त शेड निर्माण की शेष राशि 7 लाख 20 हजार रूपए बजरंग ट्रेडर्स को ना देकर किसी अन्य वेंडर को दे दिया गया । इस मामले को पूर्व सरपंच ममता छत्तर द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कलेक्टर रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया है और न्याय की मांग की गई है ।



