लोरमी/मुंगेली। जनपद पंचायत लोरमी के सरपंच संघ के उपाध्यक्ष गणपत कुमार साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित भारत सरकार के मंत्रालय में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें भक्त माता कर्मा का छायाचित्र भेंट किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष रूप से चर्चा की।
इस अवसर पर सरपंच ग्राम पंचायत हरदीबांध एवं सरपंच संघ के उपाध्यक्ष गणपत कुमार साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समुचित विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक योजनाओं और सुविधाओं के संबंध में केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी आवश्यक विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
इस दौरान लोरमी मंडल के पिछड़ा वर्ग मंत्री गणपत कुमार साहू, लोरमी मंडल के उपाध्यक्ष संतोष साहू, जनपद सदस्य पवन पांडे, सभापति लालाराम साहू, युवा नेता धनंजय साहू, नानेश साहू तथा गौड़खाम्ही मंडल के युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मनमोहन साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री से हुई इस मुलाकात से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
नई दिल्ली में आयोजित इस मुलाकात को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।



