उत्तर बस्तर कांकेर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ’मावा मोदोल’ निःशुल्क कोचिंग सेंटर एवं ’पूना पर्रियान’ ने एक बार फिर गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का प्रमाण सिद्ध किया है। छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक परीक्षा) के घोषित परिणामों में इन संस्थाओं के 12 अभ्यर्थियों ने सफलता अर्जित की है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी के निर्देशन में संचालित इन निःशुल्क कोचिंग केंद्रों से लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस संबंध में बताया गया कि मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर कांकेर से श्री गुलशन कुमार जैन, सुश्री मोनिका नेताम, सुश्री अंजली उसेंडी, श्री संदीप गढ़पाले, श्री भुनेश्वर साहू एवं श्री कुलेश्वर पटेल ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। वहीं मावा मोदोल भानुप्रतापपुर से सुश्री पुष्पलता जाड़े, श्री विक्रांत ठाकुर, श्री यजेश नेताम, सुश्री कविता गोयल, श्री नागेश्वर कुमेटी एवं सुश्री पुष्पलता बसेरा ने सफलता अर्जित कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों के लिए मावा मोदोल में मुख्य परीक्षा की तैयारी हेतु जल्द ही विशेष बैच प्रारंभ किया जाएगा। इसमें वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे जो स्वयं अध्ययन कर रहे हैं। इसके साथ ही पूना पर्रियान के माध्यम से विशेष प्रशिक्षकों द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी, ताकि अभ्यर्थी आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि मावा मोदोल एवं पूना पर्रियान के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज़, विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा फिजिकल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। लगातार मिल रही सफलताएं यह साबित करती हैं कि उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।



