Home Blog उमरादाह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80...

उमरादाह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस

0

नरहरपुर। ग्राम उमरादाह स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, छत्तीसगढ़ महतारी तथा शहीद यनेश्वर सलाम एवं शहीद हीरा सिंह निषाद के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री कोमल नेवला ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का गायन किया।

Ro.No - 13954/39

इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों एवं गीतों के माध्यम से गांव में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद चौक में शहीद यनेश्वर सलाम के बड़े पिता श्री भावसिंह सलाम द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर शहीद परिवार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। विद्यालय के प्राचार्य श्री मोहम्मद असलम ने शहीद परिवार को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने शहीद यनेश्वर सलाम एवं शहीद हीरा सिंह निषाद के बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्य अतिथि श्री कोमल नेवला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का पहला कर्तव्य मन लगाकर पढ़ाई करना और अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत उमरादाह के सरपंच श्री प्रशांत भास्कर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण करने का दिन नहीं है, बल्कि यह उन वीर शहीदों और जवानों को श्रद्धांजलि एवं नमन करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि देश की एकता, भाईचारे और प्रगति में अपना योगदान दे।

उन्होंने सामाजिक बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, अशिक्षा, गरीबी, बेरोजगारी एवं सामाजिक भेदभाव जैसी समस्याओं को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री मोहम्मद असलम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग से मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कुमारी श्रद्धा वैद्य तथा कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कुमारी निधि पटेल को सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में ओंकार जैन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम नाग, उपसरपंच श्री सदाराम मंडावी, श्री बालाराम भास्कर, श्री के. आर. नाग, श्री मया राम नरेटी, श्री अवध पटेल, जीवधर साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत उमरादाह के पंच, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे उमरादाह में देशभक्ति, उत्साह एवं राष्ट्रीय एकता का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए सदैव अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here