मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
शराब कोचिए पर पुलिस का प्रहार, 52.38 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली/चिल्फी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बोड़तरा कला में अवैध रूप से अधिक मात्रा में देशी शराब रखकर बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 291 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 52.38 बल्क लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 23,280 रुपये है, तथा शराब बिक्री की रकम 300 रुपये बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोड़तरा कला निवासी सुखनंदन जायसवाल अपनी पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में अवैध रूप से अधिक मात्रा में देशी प्लेन शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध सुखनंदन जायसवाल पिता स्व. सेवाराम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बोड़तरा कला, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली को हिरासत में लिया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में रखी तीन बोरियों की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दो बोरियों में 100-100 नग तथा तीसरी बोरी में 91 नग, कुल 291 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाव की क्षमता 180 एमएल बताई गई है। पुलिस ने बरामद शराब की कुल मात्रा 52.38 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 23,280 रुपये बताई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी पुलिस ने जब्त किया।
मामले में थाना चिल्फी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध क्रमांक 115/2026 पंजीबद्ध किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
ऑपरेशन बाज के तहत लगातार कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ “ऑपरेशन बाज” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 01 जनवरी 2026 से 20 अगस्त 2026 तक जिले में अवैध शराब के खिलाफ कुल 302 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 308 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इस दौरान पुलिस ने कुल 685.09 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 922 रुपये बताई गई है, जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 27 मोटरसाइकिल एवं 01 चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
आंकड़ों के अनुसार अंग्रेजी शराब के मामले में 01 प्रकरण में 01 आरोपी से 15.60 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 13,520 रुपये है, बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
वहीं देशी शराब के मामलों में 276 प्रकरणों में 279 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 480.68 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 30 हजार 835 रुपये है, जब्त की गई। इन मामलों में 26 मोटरसाइकिल एवं 01 चारपहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है।
इसी तरह महुआ शराब के खिलाफ 25 प्रकरणों में 28 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 188.81 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 24,567 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन बाज” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शराब का अवैध कारोबार करने वालों तथा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सउनि मनकराम ध्रुव, संतोष लोधी, प्र.आर. नरेश यादव, शेषनारायण कश्यप, पारस टोंडे, आर. भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े, भेलेश्वर जायसवाल एवं मनीष प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



