धोबनी ( सरसीवा ) – सरस्वती शिशु मंदिर सोहागपुर में शनिवार को विद्यालय प्रांगण में शिक्षक दिवस बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन परिचय के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, जीवन के महत्वपूर्ण कार्यों तथा देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के रूप में उनकी सेवाओं के बारे में बताया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिवस 5 सितंबर को उनके सम्मान में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रहलाद साहू ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन हमारे देश के लिए अत्यंत सम्मानित व्यक्तित्व थे। उन्होंने शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा देश के राष्ट्रपति पद को भी सुशोभित किया। उनका जीवन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ शिक्षक दिवस समारोह में सहभागिता निभाई तथा अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार से हेमलता साहू, शशि प्रभा तिवारी, प्रीति पटेल, तुलसी साहू, प्रिया जांगड़े, सीमा भारद्वाज, जयमनी पटेल, हीना पटेल, कृष्णा पटेल एवं मुकेश पटेल उपस्थित रहे।



