
कांकेर में 3,099 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग टेस्ट, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
जिला प्रशासन की पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा नया मंच, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय सुविधा
कांकेर, — जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन उत्तर बस्तर कांकेर की महत्वपूर्ण पहल के तहत जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन रविवार को जिले के निर्धारित सात परीक्षा केन्द्रों में सफलतापूर्वक किया गया। परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
3,200 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रवेश परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए जिले से कुल 3,200 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें जेईई के लिए 623 तथा नीट के लिए 2,577 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया।
परीक्षा के दिन जेईई में पंजीकृत 623 विद्यार्थियों में से 584 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि नीट में पंजीकृत 2,577 विद्यार्थियों में से 2,515 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार जेईई एवं नीट स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 3,099 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
सात केन्द्रों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा
प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिले के सात निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए थे।विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, परीक्षा केन्द्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय सुविधा
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है, जो जेईई और नीट जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने की क्षमता रखते हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी।
कोचिंग के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप अध्ययन सामग्री तथा आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जिले के विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।
प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में पहल
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जेईई-नीट निःशुल्क आवासीय कोचिंग योजना को जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इस पहल से आर्थिक अथवा अन्य कारणों से महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।
प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से जिला प्रशासन की इस पहल के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों की सकारात्मक रुचि भी सामने आई है।



