पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में जाने के इच्छुक युवाओं को लक्ष्य की ओर बढ़ने का मिला अवसर।
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं बेहतर भविष्य की दिशा देने की पहल।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री
सेवाओं में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए तैयार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन रक्षक” अभियान के तहत आज अनुभाग अंतागढ़ के उन्मुक्त खेल मैदान में निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अंतागढ़ श्री संतोष जैन, थाना प्रभारी अंतागढ़ श्री कोमल भूषण पटेल की उपस्थिति में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 150 महिला एवं पुरुष युवा तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
मिशन रक्षक कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस विभाग के प्रशिक्षित ट्रेनर महिला एवं पुरुष पुलिस बल द्वारा युवाओं को विभिन्न शारीरिक दक्षता इवेंट्स की तैयारी कराई जा रही है। प्रशिक्षण में युवाओं की शारीरिक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ नियमित अभ्यास, दौड़, सहनशक्ति एवं भर्ती प्रक्रिया में उपयोगी विभिन्न फिजिकल इवेंट्स की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मिशन रक्षक केवल शारीरिक प्रशिक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को उनके सुनहरे भविष्य की ओर आगे बढ़ाने की एक सार्थक पहल है। कांकेर पुलिस का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को उचित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण का अवसर मिले, ताकि वे कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस एवं पैरामिलिट्री जैसी सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी द्वारा युवाओं को संदेश दिया गया कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की मजबूत नींव है।
“मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भानुप्रतापपुर एवं आमाबेड़ा में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व में प्रारंभ किया जा चुका है, जहां लगभग 300 युवाओं को नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर, पखांजूर एवं कोयलीबेड़ा में भी मिशन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जायेगी।
कांकेर पुलिस का “मिशन रक्षक” अभियान — युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प है।




